ग्वालियरः मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में आयोजित नवग्रह पीठ मंदिर पर चल रहे प्राण प्रतिष्ठा कलश यात्रा कार्यक्रम के दौरान अचानक भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई और एक बच्ची समेत 7 लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार कलावती बाथम (60) की मौत हो गई है। यह घटना नवग्रह शक्तिपीठ की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के पहले दिन हुई। जब स्टेडियम ग्राउंड में कलश बांटने की प्रक्रिया चल रही थी, तभी अचानक बड़ी संख्या में महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस बढ़ती संख्या के कारण अव्यवस्था पैदा हुई और भगदड़ मच गई।
कलश यात्रा के दौरान मची भ/गद/ड़ में महिला की मौ/त, 7 घा/यल#KalashYatra #Stampede #SevenInjured #TragicIncident #EmergencyServices #BreakingNews #LocalUpdate #SafetyConcern #Encounternews pic.twitter.com/r0U43obXcK
— Encounter India (@Encounter_India) February 10, 2026
हादसे के दौरान कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जो घटना की गंभीरता को दर्शाती हैं। आयोजकों के अनुसार कलश यात्रा में करीब 21 हजार महिलाओं के शामिल होने का दावा किया गया था, लेकिन भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था न होने के कारण स्थिति बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई। घटना में कुल सात लोग घायल हुए हैं। इनमें से चार घायलों का उपचार डबरा अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक बच्ची और एक महिला को ग्वालियर स्थित एप्पल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य महिला को जेएएच (जयारोग्य अस्पताल) में रेफर किया गया है।
वहीं मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में एक बच्ची समेत सात लोग घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि ग्वालियर से करीब 45 किलोमीटर दूर डबरा में पूर्व मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता नरोत्तम मिश्रा द्वारा बनवाए गए नवग्रह मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर मंगलवार को कलश यात्रा का आयोजन किया गया। ग्वालियर की जिलाधिकारी रुचिका चौहान ने पत्रकारों से कहा कि मंगलवार सुबह डबरा के स्टेडियम में बड़ी संख्या में महिलाएं कलश लेने के लिए इकट्ठा हुई थीं।
इसी दौरान धक्का-मुक्की होने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। ग्वालियर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) अरविंद सक्सेना ने बताया कि कलश वितरण के दौरान एक साथ बड़ी संख्या में महिलाएं आगे बढ़ गईं। इससे भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हुई। इसमें एक महिला की मौत हो गई। उन्होंने बताया, “आयोजन को देखते हुए डबरा में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। व्यवस्थाओं को और भी पुख्ता किया जा रहा है।”
कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया, “डबरा में आज सुबह से कलश यात्रा प्रस्तावित थी। कलश लेकर चलने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची थी। जब कलश मिलना शुरू हुआ तब कलश जल्दी लेने के क्रम में कुछ धक्का मुक्की हुई है। अति उत्साह सा दिखा। पहले लाइन में धक्का मुक्की हुई। जिसमें एक 70 वर्षीय महिला श्रीमति शाहू की दम घुटने से मृत्यु हो गई। 4 महिलाएं भर्ती हैं, 3 लोगों को ग्वालियर रेफर किया गया है, जिसमें एक 4 साल की बच्ची है।”
