होडल : आए दिन तेज रफ्तार की वजह से हादसे होने की खबरें सामने आ रही है। ऐसा ही हादसा हरियाणा से सामने आया है। जहां होडल में नेशनल हाईवे-19 पर स्थित गांव बंचारी में सर्विस रोड पर तेज रफ्तार कैंटर चालक ने गोबर लेकर पैदल जा रही महिला को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतका की पहचान कविता(40) गांव बंचारी के तौर पर हुई है। हादसे के बाद चालक कैंटर छोड़कर मौके से भाग गया।
महिला के परिजनों और ग्रामीणों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मृतका महिला के देवर वीरपाल ने बताया कि उसकी भाभी कविता गांव में राशन डिपो संचालिका थी और वह अपने घर से थोड़ी दूरी पर हाईवे के साथ सर्विस रोड पर गोबर लेकर पैदल जा रही थी, तभी पलवल की तरफ से तेज रफ्तार व लापरवाही से आ रहे कंटेनर चालक ने उसकी भाभी कविता को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही उसकी भाभी सड़क पर गिर गई और कंटेनर का टायर उसके ऊपर से उतर गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जांच अधिकारी चन्दन सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी महिला के परिजनों और ग्रामीणों को मिली तो मौके पर पहुंच गए और गुस्साएं ग्रामीणों ने सीएनजी के कंटेनर को आग के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की कार्रवाई में जुटी हुई है।