रामपुरा : एक निजी चैनल के कार्यक्रम वॉयस ऑफ पंजाब छोटा चैंप सीजन-10 में प्रथम विजेता का खिताब और दो लाख रुपये का इनाम जीतने वाले नेकप्रीत सिंह वल्टोहा का उनके पैतृक गांव रामपुरा पहुंचने पर उनके ननिहाल परिवार, रिश्तेदारों और गांववासियों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया गया। गौरतलब है कि नेकप्रीत सिंह वल्टोहा के नाना शरणजीत सिंह रामपुरा मशहूर सारंगी और ढाडी के तौर पर जाने जाते है।
जबकि नेकप्रीत के दोनों मामा हरदयाल सिंह और कृपाल सिंह शब्द कीर्तन के जरिए दुनिया भर के लोगों का मनोरंजन करते हैं। वही नेकप्रीत सिंह वल्टोहा के पिता सविंदर सिंह सितारा, मां संदीप कौर और उनकी दादी भी गांव रामपुरा पहुंचे और दोनों परिवारों के साथ खुशियां सांझा की। नेकप्रीत सिंह वल्टोहा को संगीत की बुनियादी तालीम घर पर ही मिली।
मशहूर ढाडी और ढाडा गायक दादा देसा सिंह दलेर वल्टोहा और मशहूर ढाडी पिता सविंदर सिंह सितारा के इस बेटे ने कम उम्र में ही संगीत और गायन के गुण हासिल कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि बेशक नेकप्रीत को संगीत का उपहार अपने परिवार से मिला। लेकिन उन्होंने भिक्खीविंड में संगीत मास्टर लाल के साथ संगीत की कक्षाएं लीं और संगीत की बारीकियां हासिल कीं।
