जैसलमेरः एक तरफ जहां, भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बना हुआ है, वहीं दूसरी और भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से सटे जैसलमेर के पोकरण कस्बा में शादी के मंगल गीत गाए जा रहे थे। दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर थे और मेहमान उन्हें गिफ्ट थमा रहे थे, तभी बॉर्डर से सटा ये इलाका आसमान में ड्रोन अटैक से गूंजने लगा जैसे ही लोगों को धमाकों की आवाज सुनी तो सभी उठ खड़े हुए जिसके बाद ब्लैकआउट के चलते शादी के पंडाल की लाइट बंद करनी पड़ी। करीब 300 मेहमानों ने धमाकों की गूंज के बीच मोबाइल की टॉर्च जलाकर खाना खाया। इस शादी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। शादी पोकरण में जटिया कॉलोनी में रखी हुई थी।
Blackout में शादी, ड्रोन अटैक से आसमान गूंजा तो बारातियों में मचा हड़कंप, देखें वीडियो #twitterblades #Blast #IndiaPakistanWar #marriage #JodhpurNews #Goosebumps #TerroristPakArmy pic.twitter.com/FpGu3i22OO
— Encounter India (@Encounter_India) May 11, 2025
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जाटिया कॉलोनी के एक परिवार में शादी बुधवार 7 मई को हुई थी। गुरुवार 8 मई को लड़के वालों की तरफ से रिसेप्शन रखा गया था। दूल्हा-दुल्हन की शादी से जुड़ी खास तस्वीरों को डिस्पले करने के लिए वहां एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी। करीब 7.30 बजे तक एलईडी लाइट इंस्टॉल कर दी थी। शादी में आने वाले मेहमान पंडाल (टेंट) में ही बैठे थे। 9 बजे के करीब पूरे मेहमान आ चुके थे। इस दौरान अचानक आसमान से धमाके सुनाई दिए। शादी समारोह में मौजूद सभी लोग आसमान में देखने लगे। लगातार धमाके और आपस में टकराते हुए विस्फोट हो रहा था। पाकिस्तानी ड्रोन के हमलों को भारत का एयर डिफेंस सिस्टम नष्ट कर रहा था।
बता दें कि जैसलमेर का पोकरण पाकिस्तान के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़ा संवेदनशील क्षेत्र है। गुरुवार को पाकिस्तान के संभावित हमलों के मद्देनजर पूरे जैसलमेर जिले में ही रात 9 से सुबह 4 बजे तक कम्प्लीट ब्लैकआउट की गाइडलाइन जारी की गई थी, क्योंकि इससे पहले बुधवार-गुरुवार दरम्यानी रात को ही पाकिस्तान ने बाड़मेर के नाल सहित राजस्थान के 3 एयरबेस पर हमला करने की हिमाकत की थी। सीमावर्ती इन क्षेत्रों में अलर्ट बढ़ा दिया गया है और ब्लैकआउट का समय भी बढ़ा दिया है।