मोहाली/गुरदासपुरः पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने अपना मिजाज बदल लिया है। बीती रात से ही कई इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं जिससे तापमान में गिरवाट दर्ज की गई। पठानकोट- चंडीगढ़ समेत कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज (15 मार्च) के लिए गरज-चमक, आंधी, तेज हवाओं के साथ 9 जिलों में ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। पिछले 24 घंटों में तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की हल्की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि यह अभी भी सामान्य तापमान से 3.3 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान श्री आनंदपुर साहिब में 32.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 17 मार्च को थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन इसके अलावा 20 मार्च तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 9 जिलों में ओले गिरने की संभावना है। इसमें पठानकोट, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला और संगरूर में तेज आंधी चलने और बिजली चमकने के आसार हैं। गुरदासपुर में सुबह से ही हल्की बारिश हो रही है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। जबकि तरन तारन, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, फिरोजपुर और मोगा में भी बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवां चल सकती हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के ऊपर बहुत ऊंचाई पर हवा का एक तेज बहाव चल रहा है, जिसकी रफ्तार लगभग 200 किलोमीटर प्रति घंटा है। अभी एक पश्चिमी विक्षोभ (पहाड़ों से आने वाली ठंडी और नम हवा) एक्टिव है, जिसके पीछे-पीछे 17 मार्च की रात से एक और नया विक्षोभ एक्टिव होगा, जिससे मौसम में फिर से बदलाव देखने को मिलेगा।