श्रीनगरः जम्मू और कश्मीर में मंगलवार को हुई बारिश के कारण लंबे समय से जारी सूखे का अंत हो गया। दरअसल, कश्मीर के ऊंचे इलाकों में हिमपात और मैदानी इलाकों में बारिश हुई है। घाटी के कई इलाकों में हुई बारिश हिमाचल के लिए भी राहत का पैगाम लेकर आई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर में अधिक बारिश तथा बर्फबारी की संभावना जतायी है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार, पिछले 24 घंटों में घाटी के अधिकांश मौसम स्टेशनों पर बारिश दर्ज की गई। प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में सबसे अधिक 12.8 मिमी वर्षा हुई।
वहीं दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में 11.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि श्रीनगर में 3.0 मिमी वर्षा हुई। उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा में 2.8 मिमी हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि कोकरनाग में इसी अवधि के दौरान 0.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद घाटी में रात का तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर डिवीजन के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जबकि जम्मू डिवीजन के कई क्षेत्रों में रात का तापमान सामान्य से 6 से 10 डिग्री अधिक रहा।
वहीं मौसम विभाग ने राज्य के कई भागों में 6 दिन तक बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया है। यही नहीं कई जिलों में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आज रात और 13 मार्च को राज्य के ऊंचे पहाड़ों पर एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है, जबकि 11, 12, 14 और 16 मार्च को उच्च पर्वतीय और मध्य पहाड़ी के कुछ क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान निचले क्षेत्रों में भी हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग ने शिमला, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू व मंडी में अलग-अलग जगहों पर 11, 12 व 14 मार्च को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने व ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को भी कई जिलों में सूर्यदेव और बादलों के बीच आंख-मिचौनी का खेल जारी रहा।