ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में बीते अढ़ाई माह से लगातार बाढ़ और प्राकृतिक आपदा का संकट झेल रहे परिवारों की मदद के लिए कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो लगातार राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। मंगलवार को उन्होंने क्षेत्र की बल्ह एवं हिंडोला पंचायतों में बाढ़ प्रभावित परिवारों को 233 राहत किटें वितरित कीं। इन किटों में कम्बल, बाल्टी, बासमती चावल, आटा, दालें, चीनी, नमक, चायपत्ती और अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री शामिल थी। भाजपा नेता ने बताया कि कुटलैहड़ क्षेत्र के बाढ़ पीड़ित परिवारों के लिए यह समय बेहद कठिन है और ऐसे में राजनीति का कोई महत्व नहीं रह जाता।
उन्होंने कहा कि मेरे कुटलैहड़ विस क्षेत्र का हर नागरिक मेरा परिवार है। जब परिवार पर कोई आपदा आती है तो कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होना ही सच्ची सेवा है। राजनीति से ऊपर उठकर जरूरतमंदों की मदद करना मेरा कर्तव्य है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस कठिन दौर में कोई भी व्यक्ति भूखा या परेशान न रहे, इसके लिए वे और उनकी पूरी टीम दिन-रात प्रयासरत हैं। राहत सामग्री बांटते समय उन्होंने ग्रामीणों से उनकी अन्य समस्याएं भी सुनीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि हर संभव सहायता उनके लिए उपलब्ध कराई जाएगी। इस मौके पर कुटलैहड़ भाजपा मंडल के सदस्य एवं गणमान्य मौजूद रहे।
