अमेठीः मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का आज (शुक्रवार, 27 मार्च) 28वां दिन है। ईरान, इजरायल-अमेरिका के युद्ध का असर भारत में भी देखने को मिल रहा है। देश भर में पेट्रोल-डीजल को लेकर लोग पैनिक हो रहे है। वहीं अमेठी जिले के तिलोई तहसील क्षेत्र अंतर्गत मोहनगंज थाना क्षेत्र के भेलाई कला गांव स्थित पेट्रोल पंप पर ईंधन की किल्लत के चलते भारी बवाल हो गया। दरअसल, पेट्रोल-डीजल लेने पहुंचे ग्राहकों और पंप कर्मचारियों के बीच लाइन तोड़ने को लेकर शुरु हुई कहासुनी हिंसक मारपीट में बदल गई। इ सदौरान आक्रोशित भीड़ ने पेट्रोल पंप कर्मियों पर हमला कर दिया, जिसमें उन्हें मामूली चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पेट्रोल पंप कर्मी की शिकायत पर 5 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीणों और पंप कर्मचारियों के बीच जमकर मारपीट हुई। मौके पर पहुंची पुलिस से भी नोकझोंक और झड़प की स्थिति बन गई। इस दौरान नाराज लोगों के द्वारा सरकारी वाहन को भी घेर लिया गया। बताया जा रहा है कि जगदीशपुर रोड स्थित सुन्दरी नारायण फिलिंग स्टेशन (इंडियन ऑयल) पर पेट्रोल लेने के लिए लंबी कतार लगी थी।
इसी दौरान पूरे जमाल मजरे भेलाई कला निवासी अब्बू सैफ नामक युवक 25 लीटर पेट्रोल लेना चाहता था, लेकिन कर्मचारियों ने उसे मात्र 5 लीटर पेट्रोल दिया। इसके बाद वह नाराज हो गया और अपने जान पहचान के लोगों को मौके पर बुला लिया तथा पेट्रोल पंप कर्मियों से झड़प शुरू हो गई। आरोप है कि उसी समय पेट्रोल पंप कर्मियों के द्वारा कुछ अन्य लोगों को उनके जरूरत के अनुसार अधिक पेट्रोल दिया जा रहा था। इससे नाराज होकर युवक ने विरोध जताया, जिसके बाद कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों में गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई।
घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लाइन में लगे अन्य लोगों के विरोध के बाद स्थिति और बिगड़ गई। युवक के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे विवाद बढ़ गया और मामले में तूल पकड़ लिया। थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि हल्का इंचार्ज शैय्याम बाबू खां की शिकायत पर 5 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। अब तक 4 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जा रहा है। जबकि अन्य आरोपियों की पहचान किये जाने के प्रयास जारी हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शेष आरोपियों की पहचान करते हुए जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार का जेल भेजा जाएगा।
