अमरोहा : जनपद के थाना आदमपुर क्षेत्र के एक गांव में घरेलू सिलेंडर से गैस रीफिलिंग के दौरान वैन में आग लग गई। वहीं, आग की तेज लपटों को देखकर ग्रामीण दौड़ पड़े और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पूरा मामला आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव दुल्हेपुर अहीर का है। यहां गांव का एक व्यक्ति अपनी ओमनी वैन में स्कूली बच्चों को स्कूल ले जाने व घर लाने का कार्य करता है।युवक ने अपनी निजी वैन को एक स्कूल में लगा रखा है।
युवक अपने घर के बाहर घरेलू सिलेंडर से वैन में गैस रीफिलिंग कर रहा था। इस दौरान अचानक आग भड़क गई। आग ने वैन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटें उठती देख ग्रामीण उस ओर दौड़ पड़े और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक वैन पूरी तरह जलकर राख हो गई। गनीमत रही की आग से कोई झुलसा नहीं। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि मामला जानकारी में नहीं है। वहीं हसनपुर तहसील क्षेत्र में कार एवं वैन में गैस रीफिलिंग का धंधा जोरों पर चल रहा है। लोगों के द्वारा बिना एलपीजी पास वाहनों में एलपीजी की किट लगाकर वाहन दौड़ाए जा रहे हैं।
