लुधियाना: मॉडल टाउन में स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा के चीफ मैनेजर अरुण कुमार ने थाना मॉडल टाउन में दिए गए बयान में आरोप लगाया है कि बीजेपी नेता कपिल कत्याल, अजेपाल दिशावर, और मक्कड़ स्टील प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर सुधांशु जिंदल सहित 7–8 लोग बैंक में जबरन घुस आए और चल रही नीलामी रुकवाने के लिए उन पर दबाव बनाया।
मामले की जानकारी देते हुए मैनेजर ने बताया कि साल 2019 में मेसर्स मक्कड़ स्टील प्राइवेट लिमिटेड बैंक ने करीब 2 करोड़ रुपये का लोन लिया था। कई नोटिस भेजने के बाद भी जब राशि वापिस नहीं की गई तो बैंक ने कोर्ट में मामला दायर किया।
जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर कंपनी की कोहाड़ा स्थित जमीन पर कब्जा लेकर उसको नीलामी हेतु घोषित किया गया। इसके इश्तिहार अखबारों में प्रकाशित किए गए। नीलामी वाले दिन 30 दिसंबर को करीबन 10:40 बजे अरुण कुमार अपने ऑफिस में थे तभी कपिल कत्याल, अजेपाल दिशावर, सुधांशु जिंदल और उनके साथ बाकी लोग बैंक में घुस गए।
उन्होंने नीलामी को रोकने की मांग की। मैनेजर ने बताया कि मना करने पर कपिल कत्याल और अजेपाल ने उनके साथ गाली-गलौच धमकियां और धक्का-मुक्की की। आरोप है कि कपिल कत्याल ने धमकी देते हुए कहा कि मैं बड़ा नेता हूं मैं तुझे सस्पैंड करवा दूंगा।
स्थिति बिगड़ने पर बैंक सुरक्षा गार्ड बेअंत सिंह ने उनको रोकने की कोशिश की परंतु विरोधियों ने गार्ड को भी धमकाया है। इस हंगामे के चलते बैंक का कामकाज करीबन 3-4 घंटे रुका रहा। अरुण कुमार के अनुसार, विरोधी पक्ष ने सरकार कार्य में बाधा डाली गाली-गलौज की वीडियो बनाई और कर्मचारियों और आम-जनता को भी परेशान किया है।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले को धारा 221, 132, 351 BNS के तहत दर्ज कर लिया है। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने विशेष रिपोर्टें भी तैयार कर क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी हैं। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
