नई दिल्ली : मिस्र में हर साल हजारों लोगों की जान जानलेवा यातायात दुर्घटनाओं में जाती है। यहां परिवहन सुरक्षा के रिकॉर्ड बहुत ज्यादा खराब है। ज्यादातर दुर्घटनाओं का कारण तेज रफ्तार, खराब सड़कें और यातायात नियमों का पालन न करना है। मिश्र के पूर्वोत्तर इलाके में यूनिवर्सिटी के छात्रों को ले जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। 33 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि यह घटना ऐन सोखना राजमार्ग पर हुई है। स्वेज स्थित गलाला विश्वविद्यालय के छात्र इस बस में सवार थे, जो ऐन सोखना राजमार्ग से घर लौट रहे थे। तभी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने दुर्घटना के कारणों का खुलासा नहीं किया है।
हादसे के बाद घटना स्थल पर चीख पुकार मच गई। हादसे की जानकारी पुलिस विभाग को दी गई। सरकार द्वारा दिए गए बयान में कहा गया कि 28 एम्बुलेंस घटनास्थल पर पहुंचीं। घायलों को स्वेज मेडिकल कॉम्प्लेक्स पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।