ऊना/सुशील पंडित: ऊना के नवनिर्वाचित विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने अपनी जीत को विधानसभा क्षेत्र की जनता की जीत बताया है। जीत के बाद जारी बयान में सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि वे विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं के वह सदैव आभारी रहेंगे। जयराम सरकार के समय विधानसभा क्षेत्र में किए गए 2000 करोड रुपए से भी अधिक के विकास कार्यों पर क्षेत्र की जनता ने मोहर लगाकर विकास को चुना है। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि उन्होंने सदैव विधानसभा क्षेत्र के विकास की चिंता की है। वे विधायक रहे हों या न रहे हों, उनका लक्ष्य ऊना के विकास रथ को तेज रफ्तार देना था। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र ऊना के साथ कांग्रेस की सरकारों ने हमेशा सौतेला व्यवहार किया है लेकिन वह डंके की चोट पर अपने लोगों का हक सरकार से लेकर रहेंगे।
वहीं भारतीय जनता पार्टी के ऊना मंडल अध्यक्ष हरपाल सिंह गिल ने कांग्रेस के महासचिव अविनाश कपिला के बयान पर पलटवार किया है। हरपाल गिल ने कहा कि सतपाल सिंह रायजादा की तारीफें करने वाले अविनाश कपिला पिछले 10 साल में सतपाल सिंह रायजादा का विधानसभा क्षेत्र के लिए किया गया एक भी काम बता दें। हरपाल सिंह गिल ने कहा कि अविनाश कपिला सतपाल सिंह रायजादा के विधायक कार्यकाल और उससे पहले पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किए गए कार्यों पर श्वेत पत्र जारी करें।