बुधवार युवती की शादी होनी थी, बारात स्वागत की चल रही थी तैयारियां
युवती मंगलवार देर रात से थी लापता
ऊना/सुशील पंडित: पुलिस थाना बंगाणा के तहत आती जोल पुलिस चौकी के अंतर्गत आते गांव कृष्णा नगर बैरियां में उस समय सनसनी फैल गई जब एक 24 वर्षीय युवती का शव घर से करीब 500 मीटर दूर अधजली अवस्था में बरामद हुआ। मृतक युवती की पहचान अंशिका ठाकुर पुत्री स्व. विपिन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंशिका की शादी बुधवार, 24 सितंबर को भिंडला गांव के एक युवक से होनी तय थी। लेकिन शादी से ठीक एक दिन पहले उसकी अधजली लाश सड़क किनारे मिलने से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
युवती के शव पर आग लगाने के अलावा चेहरे व गले पर कट के निशान भी पाए गए हैं। इससे शक है कि उसकी हत्या की गई है? आखिर किसने युवती को देर रात घर से बुलाया और उसकी जान ले ली? प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर फॉरेस्ट गार्ड ने बैरियां-रामनगर सड़क से कुछ दूरी पर लाश देखी और तुरंत इसकी सूचना जोल पुलिस चौकी को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है । पुलिस ने बताया कि 24 वर्षीय युवती का शव जली हुई अवस्था में बरामद हुआ है। हत्या के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले से जुड़े हर सुराग की तलाश शुरू कर दी है।