नई दिल्ली: भारत और अमेरिका में इस समय स्थिति थोड़ी तनावपूर्ण है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर 50% टैरिफ लगाया गया है। इस टैरिफ को लेकर वह कई तरह की आलोचनाएं भी झेल चुके हैं। अब इसी बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमीर जेलेंस्की ने एक चौंकाने वाला बयान दिया है। जेलेंस्की ने भारत पर लगे हुए टैरिफ को सही बताया है। इस दौरान उन्होंने रुस का भी जिक्र किया। बता दें कि यूक्रेन और रुस में कई महीनों से युद्ध चल रहा है जो अभी तक नहीं थम पाया है।
टैरिफ लगाना बिल्कुल सही
एबीसी न्यूज की एक अमेरिकी पत्रकार से बातचीत के दौरान जेलेंस्की ने पीएम नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन की मीटिंग का भी जिक्र किया। तीनों की मुलाकात एससीओ समिट के दौरान हुई थी। अमेरिकी पत्रकार ने सवाल पूछते हुए कहा है कि क्या ट्रंप का टैरिफ प्लान उलटा पड़ गया है। इसके जवाब में जेलेंस्की ने कहा है कि – ‘रुस से सौदा करने वाले देशों पर टैरिफ लगाना बिल्कुल सही है’।
सोशल मीडिया पर हलचल
पीएम नरेंद्र मोदी हाल ही में एससीओ समिट के दौरे पर चीन गए थे। उन्होंने इस दौरान रुस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ खास मीटिंग की थी। उन्होंने जिनपिंग से भी मुलाकात की। इन तीनों की तस्वीरें जब सोशल मीडिया पर सामने आई तो खलबली मच गई है। ऐसा माना जा रहा है कि ये तीनों देश साथ आए तो नई ग्लोबल पॉवर उभरकर सामने आ सकती है।
ट्रंप ने पहले भारत पर सिर्फ 25% टैरिफ लगाया था परंतु इसके बाद उन्होंने 25% टैरिफ और लगा दिया जिससे कुल टैरिफ 50% हो चुका है। ट्रंप ने भारत से यह कहा था कि उसको रुस से तेल नहीं खरीदना चाहिए। उनका कहना है कि रुस अपनी कमाई को युद्ध में लगा रहा है। भारत अपनी बात पर भी टिका रहा है। इसी कारण उस पर ज्यादा टैरिफ लगाया गया है।
नहीं रुका रुस-यूक्रेन का युद्ध
रुस और यूक्रेन में कई महीनों से युद्ध चल रहा है जो अभी तक नहीं रुक पाया। इसको रोकने के लिए कई नेताओं ने प्रयास भी किए परंतु कोई बात नहीं बनी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुतिन और जेलेंस्की के साथ मीटिंग भी की थी परंतु फिर भी कोई हल नहीं निकला।