वारिश के दौर में जान जोखिम में डालकर कर रहे अवैध खनन
ऊना/ सुशील पंडित: उपमंडल बंगाणा के तहत थाना बंगाणा पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लूणखरी खड्ड में दबिश दी। इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने अपनी टीम के साथ किया। पुलिस ने मौके पर अवैध खनन में लिप्त पाए गए दो ट्रैक्टर जब्त कर लिए। थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि वर्तमान में बरसात का दौर चल रहा है और खड्डों में पानी का बहाव तेज रहता है। इसके बावजूद कुछ लोग ट्रैक्टरों की मदद से अवैध खनन करने का जोखिम उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह गतिविधि न केवल गैरकानूनी है बल्कि जान के लिए भी खतरनाक साबित हो सकती है। बरसात के दिनों में खड्डों का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है, जिससे ट्रैक्टर और उसमें सवार लोगों की जान को खतरा हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि थाना बंगाणा पुलिस अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। पुलिस की ओर से समय-समय पर ऐसे संवेदनशील इलाकों में गश्त और निगरानी की जा रही है। अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जब्त किए गए ट्रैक्टरों को पुलिस थाना बंगाणा लाया गया है और चालकों के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।