लुधियानाः शहर के गिल रोड स्थित प्रो लाइफ हॉस्पिटल के पास भीषण हादसे का मामला सामने आया है जिसमें एक ट्रक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। दरअसल, 16 टायरी ट्राला वहां लगी हाईटेंशन बिजली की तारों की चपेट में आ गया जिससे गाड़ी में अचानक आग लग गई। इस दौरान जान बचाने के लिए बाहर निकलने की कोशिश कर रहे ड्राइवर को बिजली का जोरदार झटका लगा जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान होशियारपुर निवासी हरविंदर सिंह के रूप में हुई है।
हाईटेंशन तारों की च*पेट में आया ट्राला, ड्राइवर जिं-दा ज*ला#HighTensionWire #TrallaAccident #FatalAccident #DriverBurntAlive #Electrocution #RoadTragedy #BreakingNews #AccidentNews #encounternews pic.twitter.com/gWLT1uXlGi
— Encounter India (@Encounter_India) February 1, 2026
जानकारी देते फायर ब्रिगेड अधिकारी ने बताया कि रात करीब 8 बजे कंट्रोल रूम में सूचना मिली थी कि गिल रोड के पास एक गाड़ी में आग लगी है। मौके पर जब फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची तो वहां एक 16 टायरी ट्राला आग की लपटों में घिरा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्राला सड़क किनारे लगे एक ट्रांसफार्मर और हाईटेंशन तारों की चपेट में आ गया था। तारों के संपर्क में आते ही पूरी गाड़ी में करंट दौड़ गया और देखते ही देखते आग लग गई। हादसे के वक्त ड्राइवर हरविंदर सिंह ने केबिन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने की कोशिश की थी, जैसे ही उसने ट्राले से नीचे उतरने के लिए पैर बाहर निकाला, वह हाईटेंशन तारों और ट्राले के बीच पैदा हुए करंट की चपेट में आ गया। करंट इतना जबरदस्त था कि हरविंदर को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक हरविंदर सिंह पिछले 25 वर्षों से ड्राइविंग का काम कर रहा था और वर्तमान में टुडे लॉजिस्टिक्स कंपनी में कार्यरत था। उसके परिवार में बुजुर्ग माता-पिता पत्नी और तीन बच्चे हैं। वह अपने घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर प्रो लाइफ हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
