जम्मू: जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में एक जबरदस्त भूस्खलन का वीडियो सामने आया है जिसमें पहाड़ से पत्थर गिरते हुए देखे गए है। यह घटना रविवार को रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर घटी है। ऐसे में इस राष्ट्रीय राजमार्ग को इस्तेमाल करने वाले पर्यटकों ने इस मंजर को अपने कैमरे में कैद कर लिया है। हालांकि इस भूस्खलन में अभी तक किसी के घायल होने की बात सामने नहीं आई है बल्कि सेना का एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) क्षतिग्रस्त होने की खबर सामने आई है। यह भूस्खलन इतना खतरनाक था कि इस घटना को अपने कैमरे में कैद कर रहे पर्यटक भी वहां से भागने लगे और गाड़ियों की आवाजाही बढ़ने लगी।
वायरल हो रहे इस वीडियो में यह देखा गया है कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जबरदस्त भूस्खलन हुआ जिसमें पहाड़ से बड़े-बड़े पत्थर टूट कर नीचे गिरने लगे। इस वीडियो को काफी दूर से शूट किया गया है जिसमें साफ तौर पर यह दिख रहा है कि बडे़-बड़े चट्टान टूट कर गिर रहे है और पहाड़ के आसपास पूरा धूल-धूल छा गया है। इस घटना का वीडियो वायरल होने पर रामबन के डीसी मुसर्रत इस्लाम ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को चिट्ठी लिखा और घटना की जानकारी देते हुए पर्यटकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने को कहा है। डीसी ने संवेदनशील क्षेत्र का तकनीकी रूप से मूल्यांकन कर श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को इस्तेमाल कर रहे पर्यटकों की सुरक्षा के उपाय करने को कहा है।
