मॉस्कोः पश्चिमी रूस में विस्फोट से 2 पुलों के ढहने की घटना सामने आई है। इस घटना में 2 ट्रेन पटरी से उतर गई। वहीं हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। हालांकि अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि विस्फोट का कारण क्या था। सरकारी रूसी रेलवे ने बताया पहली घटना यूक्रेन की सीमा से सटे ब्रयान्स्क क्षेत्र में हुई, जहां विस्फोट के बाद एक पुल ढहकर ट्रेन के ऊपर गिर गया। इस घटना में कई लोग हताहत हो गए। मरने वालों में ट्रेन का चालक भी शामिल है।
अधिकारियों ने बताया कि कुछ घंटों बाद पास के कुर्स्क क्षेत्र में पुल के ढह जाने से एक दूसरी ट्रेन भी पटरी से उतर गई। यह हादसा भी यूक्रेन से सटे इलाके में हुआ। स्थानीय कार्यवाहक गवर्नर अलेक्जेंडर खिनशटेन ने रविवार को बताया कि इस दुर्घटना में एक मालगाड़ी पटरी से उतरकर नीचे सड़क पर आ गिरी। विस्फोट के कारण पुल ढह गया था।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारण आग लग गई, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। रूसी जांच समिति ने बताया कि दोनों पुल विस्फोटों से ढहे हैं। हालांकि कुछ घंटे बाद समिति ने अपने बयान से ‘विस्फोट’ शब्द हटा दिया और कोई कारण नहीं बताया। समिति ने इन घटनाओं को संभावित आतंकी गतिविधि मानते हुए जांच शुरू की है। ब्रयान्स्क के गवर्नर अलेक्जेंडर बोगोमाज ने सोमवार से तीन दिन के शोक की घोषणा की है।
ब्रयान्स्क के गवर्नर, अलेक्जेंडर बोगोमाज ने इस भीषण दुर्घटना पर शोक जताते हुए सोमवार से तीन दिनों का शोक घोषित किया है। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं और घायलों को अस्पतालों में भर्ती किया जा रहा है। अधिकारियों ने मामले की जांच को लेकर स्पष्टता का अभाव जताया है, लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही इसका पूरा विवरण सामने आएगा।