लखनऊः राजधानी लखनऊ में मंगलवार देर रात विकास नगर स्थित गुलचीन मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी और दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। तेज रफ़्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने स्कूटी सवार पति-पत्नी और दो बच्चों को पहले तो टक्कर मारी फिर, 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। खंभे से टकराने के बाद स्कॉर्पियो रुकी। इस हादसे में पूरे परिवार की मौत हो गई।

हादसे के बाद सड़क किनारे सो रहे लोगों में भगदड़ मच गई। हादसे की सूचना पर इंस्पेक्टर विकासनगर शिवानंद मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंचे। आनन-फानन स्कूटी के नीचे फंसे दंपति और दोनों बच्चों को निकाला और उन्हें केजीएमयू के ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। स्कूटी नंबर के आधार पर पुलिस ने शिनाख्त किया। मृतक स्कूटी चालक की पहचान सीतापुर निवासी राम सिंह, उनकी पत्नी और दो बच्चों के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टेढ़ी पुलिया की तरफ से आ रही स्कॉर्पियो ने गुलचीन मंदिर से 100 मीटर तक पहले स्कूटी सवार को घसीटता ले गया। जिसके बाद खंभे में गाड़ी लगने से स्कूटी समेत सभी स्कॉर्पियो के नीचे फंस गए। ड्राइवर ने गाड़ी रोकनी की वजाय और तेजी से भगा दिया। करीब 100 मीटर घसीटने के बाद खंभे से टकराकर स्कॉर्पियो रुकी। इस दौरान स्कूटी के घसीटने से चिंगारी निकल रही थी। उधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में हुए सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
