गुरुग्राम: जिले के भौंडसी इलाके में दिल दहलाने वाली घटना हुई है। जहां स्कूल वैन चालक ने 9 वर्षीय बच्चे को कुचल दिया। इस घटना में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवांश त्रिपाठी के रूप में हुई है। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि वैन ड्राइवर वाहन को पीछे कर रहा था, तभी बच्चा वैन के नीचे आ गया। हादसे में बच्ची की मौत हो गई। लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर निवासी संतोष कुमार त्रिपाठी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह वर्तमान में गुरुग्राम के भोंडसी क्षेत्र स्थित श्याम कुंज, मारुति कुंज में अपने परिवार के साथ रहते हैं। शिकायत में उन्होंने कहा कि उनका बेटा शिवांश त्रिपाठी लेबरनम पब्लिक स्कूल में क्लास 1 का छात्र है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि, मृतक बच्चे के पिता की शिकायत पर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस द्वारा घटना को लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है। लोगों के अनुसार वैन चालक ने पहले बच्चे को टक्कर मारी, फिर बच्चे के ऊपर चढ़ा दी। घटना के दौरान बच्चे ने जब चिल्लाना शुरू किया तो आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को वैन के नीचे से निकाला। जानकारी के अनुसार, शिवांश स्कूल से घर लौटने के बाद कपड़े बदलकर अपने पिता की दुकान पर चॉकलेट लेने गया था। चॉकलेट लेकर घर वापस जाते समय गली में एक स्कूल वैन चालक ने लापरवाही से गाड़ी पीछे करते हुए उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बच्चा जमीन पर गिर गया, लेकिन आरोप है कि चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे दोबारा चढ़ा दिया।