आगराः वाराणसी से जयपुर जा रही एक तेज रफ्तार बस खड़े ट्रक से टकरा गई। यह हादसा शनिवार सुबह पांच बजे फतेहाबाद थाना क्षेत्र में आगरा एक्सप्रेस-वे पर हुआ। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं। बस में सवार अधिकांश लोग महाकुंभ से स्नान करके लौट रहे थे। बस में पीछे फंसे यात्रियों को लोगों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला। उनको नजदीकी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहीं, हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे के एक साइड की सड़क पर जाम लग गया, जिसे बाद में खुलवाया गया।
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि प्राइवेट स्लीपर बस बनारस से जयपुर जा रही थी। बस में अधिकांश यात्री प्रयागराज संगम से स्नान करके लौट रहे थे। हादसे के समय सभी यात्री गहरी नींद में थे। तभी अचानक जोरदार झटका लगा। आगे की सीटों पर बैठे लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पीछे बैठे लोग घायल हो गए।
