करनालः हरियाणा के करनाल में आज कई वाहनों की टक्कर हो गई। मिली जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे पर कुटेल गांव के समीप 5 से 6 वाहन आपस में टकरा गए। इस हादसे में 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 10-12 अन्य यात्रियों को भी कुछ चोटें आई है। वाहनों की टक्कर को लेकर हाईवे पर जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस द्वारा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं हादसाग्रस्त हुए वाहनों को सड़क किनारे करवाकर जाम को खुलवाने का काम शुरू किया गया। हादसे का शिकार हुई बस लिबर्टी कंपनी की थी, जिसमें सवार यात्री करनाल से घरौंडा स्थित फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे। बस में कुल 20-25 यात्री सवार थे। जिनमें से 10-12 लोगों को चोटें आई है।
हाईवे पर कई वाहनों की ट* क्कर में लगा जाम, 10 से 12 घा* यल pic.twitter.com/R2tfLj8qgz
— Encounter India (@Encounter_India) January 17, 2026
हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। बस चालक और एक महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि “करनाल से पानीपत की ओर जा रहे नेशनल हाईवे पर ट्रक आगे चल रहा था। घना कोहरा होने के कारण विजिबिलिटी काफी कम थी। इस दौरान ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। इस दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही लिबर्टी कंपनी की बस ने ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे में बस चालक और एक महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा इतना भयानक था कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।”
घायल यात्रियों ने बताया कि “अचानक तेज झटका लगा और बस ट्रक से टकरा गई। चारों ओर चीख-पुकार मच गई। कुछ ही सेकेंड में पीछे से कई कारें भी आकर टकरा गई। कई यात्रियों को सिर, हाथ, पैर में चोटें आई है। कार सवारों को भी चोटें आई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया और यातायात को धीरे-धीरे बहाल किया गया।
हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर लंबा जाम लगा रहा। यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।” मधुबन थाना प्रभारी गौरव भाटिया ने बताया कि घने कोहरे के कारण नेशनल हाईवे पर कई जगहों में हादसों की सूचना मिली है। कुटेल के पास हुए इस हादसे में एक महिला और बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारू करने का प्रयास जारी है।