ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना के व्यापारियों ने छुट्टी के दिन और रात 8 बजे के बाद मॉल्स और ब्रांडेड शोरूम के खुले रहने पर कड़ा ऐतराज़ जताया है। इस संबंध में मंगलवार को विश्राम गृह ऊना में जिला व्यापार मंडल ऊना की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। जिसकी अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष प्रिंस राजपूत ने की। बैठक में विशेष रूप से शॉप इंस्पेक्टर नवीन कुमार भी उपस्थित रहे, जिन्होंने व्यापारियों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनी और समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में व्यापार मंडल के प्रदेश चेयरमैन अश्वनी जैतिक, महासचिव रघु पुरी और उपप्रधान नवीन पुरी भी मौजूद रहे।
व्यापारियों ने मांग की कि रविवार को पूरे जिले में सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान चाहे वह मॉल हो या छोटी दुकान बंद रहने चाहिए, ताकि समानता बनी रहे और छोटे व्यापारियों को नुकसान न हो। अध्यक्ष प्रिंस राजपूत ने कहा कि ऊना में मॉल्स की बढ़ती संख्या और उनके देर रात तक खुले रहने के कारण छोटे व्यापारी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। उपभोक्ता अब छुट्टी के दिन और रात के समय मॉल्स का रुख करते हैं, जिससे पारंपरिक व्यापार ठप पड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि मॉल्स और ब्रांडेड स्टोर निर्धारित समय के बाद खुले रहते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इस अवसर पर शॉप इंस्पेक्टर नवीन कुमार ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन की ओर से रविवार को सिर्फ जरूरी सेवाओं जैसे मेडिकल स्टोर, दूध, सब्ज़ी और किराना जैसी दुकानों को ही खोलने की अनुमति है। अन्य कोई भी प्रतिष्ठान यदि खुले पाए जाते हैं, तो उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द फील्ड में जाकर निरीक्षण किया जाएगा और नियमों की अवहेलना करने वालों पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी प्रमोद वर्मा, कपड़ा प्रधान सोमनाथ कौशल, इलेक्ट्रॉनिक प्रधान परमजीत सिंह, मनोज साहनी, गणेश सांभर, पंकज पुरी, नीरज कपिला, सुरजीत सैनी, रिशु पूरी, विपीन ओहरी, सविता अरोड़ा, नरेश ठाकुर, नंद पूरी, शिव आंगरा सहित अन्य उपस्थित रहे।