देहरादूनः उत्तराखंड में पर्यटन और परिवहन के क्षेत्र में एक नई पहल की शुरुआत की गई। दरअसल, यूजेवीएन लिमिटेड की ओर से आज पशुलोक बैराज पर सी-प्लेन उतारा गया और इसका सफल ट्रायल हुआ है। इसे राज्य में सी-प्लेन सेवा शुरू करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि सी-प्लेन सेवा आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्यों को तेज गति से संचालित करने में भी मदद करेगी। राज्य सरकार और संबंधित एजेंसियां इसे आधुनिक परिवहन व्यवस्था के विस्तार के रूप में देख रही हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस सेवा से प्रदेश में हाई-एंड टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए यात्रा अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बन जाएगी। सी-प्लेन सेवा शुरू होने से उत्तराखंड के ऐसे दुर्गम और दूरस्थ पर्यटन स्थलों तक पर्यटक आसानी से पहुंच सकेंगे, जहां सड़क या पारंपरिक हवाई सेवाएं कठिन हैं। इससे न केवल पर्यटन स्थलों की लोकप्रियता बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। ऋषिकेश के वीरभद्र बैराज जलाशय में स्काई हॉप एविएशन का 19-सीटर सी-प्लेन सफलता पूर्वक उतारा गया।
मौके पर मौजूद अधिकारियों और जनता ने इसकी सफलता पर खुशी जताई। स्काई हॉप के ऑपरेशन अधिकारी राजीव शर्मा ने बताया कि यह सफलता राज्य के पर्यटन विकास के लिए बहुत कारगर साबित होगी। वहीं, पशुलोक बैराज के एसडीओ अतुल शर्मा ने भी इस परियोजना की महत्वता पर जोर दिया। ट्रायल सफल होने से आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न जलाशयों और नदियों पर सी-प्लेन सेवा शुरू की जा सकती है। इससे उत्तराखंड पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बनाने में सफल होगा और हाई-एंड पर्यटकों को आकर्षित करेगा।