कलायत : बस अड्डा पर सायं करीब 5 बजे चंडीगढ़ से सिरसा जा रही रोडवेज बस में आग लग गई। अचानक चारों ओर से बस को धुएं से घिरा पाकर चालक नरवैल सिंह व परिचालक कीमत सिंह हरकत में आ गए। जिसके बाद उन्होंने बस में सवार 60 सवारियों को नीचे उतारा। जांच के दौरान पता चला कि पिछले टायरों में चिंगारी के साथ धुआं निकल रहा है। अपने स्तर पर आग पर काबू पाने के प्रयास किया गया।
जिसके बाद हादसे की सूचना उप-दमकल केंद्र में दी गई। केंद्र प्रभारी सत्यवान सिंह के निर्देश पर टीमें मौके पर पहुंचीं। टीम ने कड़ी मुश्क्कत के बाद आग पर काबू पाया। बस चालक नरवैल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बस चंडीगढ़ से सिरसा जा रही थी। गांव क्योड़क के पास पिछले टायरों के पास ड्रमों में तकनीकी खराबी महसूस हुई। बस को जांच के लिए कैथल वर्कशाॅप में ले लाया गया।
जिसके बाद फिर कलायत बस अड्डे पर पहुंचते ही पिछले टायरों में धुएं के गुबार निकलने लगे। उन्होंने कहा कि लंबे रूट पर चलते हुए कभी-कभी तकनीकी खराबी आने पर लैदर व ड्रम गर्म हो जाते हैं। इससे पीछे के टायर जाम हो जाते हैं व हादसे की स्थिति पैदा हो जाती है।