मेरठः बीती देर शाम शराब पीने के बाद किराना कारोबारी समेत 3 की मौत हो गई। तीनों ने एक सरकारी ठेके से देशी शराब खरीदी थी। वहीं पर तीनों साथ में पी रहे थे। तभी उन्हें उल्टी और पेट में दर्द होने लगा। आनन फानन में तीनों को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान बारी-बारी से तीनों ने दम तोड़ दिया। घटना दौराला थाना क्षेत्र की है। एक साथ तीन मौतों से लोग आक्रोशित हो गए। परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। सूचना मिलते ही डीएम डा. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय और जिला आबकारी अधिकारी प्रदीप कुमार अपनी टीम के साथ हॉस्पिटल पहुंचे। फिर शराब की दुकान पर गए। सेल्समैन समेत दो को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी मुताबिक, सरस्वती कॉलोनी में रहने वाले बाबूराम (60 साल) किराना व्यापारी थे। उनका तेल का भी बिजनेस है। बाबूराम की दुकान में जितेंद्र (45 साल) और अंकित उर्फ दौलत (32 साल) काम करते थे। जितेंद्र वार्ड संख्या 12 के दयानंदपुरी का रहने वाला था। जबकि, अंकित उर्फ दौलत सरस्वती कॉलोनी में रहता था। शुक्रवार शाम करीब साढ़े 7 बजे बाबूराम ने जितेंद्र और अंकित के कस्बे के देशी शराब ठेके के पास शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनकी हालत बिगड़ने लगी। तीनों को बदहवास देख वहां मौजूद लोग सकते में आ गए। लोगों ने एक-दूसरे की मदद से उन्हें पास के आर्यावर्त अस्पताल पहुंचाया, जहां जितेंद्र और अंकित को मृत घोषित किया गया। बाबूराम की हालत गंभीर थी। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। लेकिन थोड़ी देर बाद उनकी भी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही डीएम-एसएसपी मौके पर पहुंचे। आबकारी की टीम ने तत्काल उस दुकान पर छापा मारा, जहां से शराब खरीदी गई थी। मौके से खाली टेटरा पैक कब्जे में लिए गए हैं। दुकान से भी पेटियां पुलिस ने जब्त की हैं। दुकान के सेल्समैन समेत दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।