जयपुरः मोनिलेक और सीके बिरला समेत राजस्थान के 100 से ज्यादा हॉस्पिटल को बम से उड़ाने की धमकी मिला है। रविवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे अस्पताल प्रशासन को ईमेल मिली तो स्टाफ के होश उड़ गए। मेल में लिखा था कि हॉस्पिटल के बेड के नीचे और बाथरूम में बम है। सभी लोग मारे जाएंगे। हर तरफ खून ही खून होगा। तुम सभी लोग मौत के ही लायक हो। वहीं मेल करने वाले ने खुद की पहचान ‘लखा आतंकवादी चिंग और कल्टिस्ट’ के रूप में उजागर किया है। जानकारी अनुसार जयपुर के दर्जनभर से ज्यादा हॉस्पिटल को इस तरह की धमकी मिली है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंच ने सर्च आपरेशन शुरू कर दिया है।
एडिश्नल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर कुंवर राष्ट्रदीप ने बताया कि हॉस्पिटल्स से अभी जानकारी मिली है। इसके बाद में एटीएस और बम निरोधक दस्ता के अधिकारियों को भेजा गया है। दोनों ही अस्पतालों में सर्च चल रहा है। अभी तक किसी भी प्रकार की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। मेल करने वाले का आईपी एड्रेस सर्च किया जा रहा है।