भीलवाड़ाः मशहूर जैन मंदिर से सोना चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना वीरवार देर रात की बताई जा रही है। सोने की कीमत करीब 1 करोड़ है। इसके साथ ही 3 किलो चांदी और अष्टधातु से बना कछुआ भी चोरी हुआ है। घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। चोरी की जानकारी मिलने के बाद जहाजपुर स्थित स्वस्ति धाम जैन मंदिर (जहाज मंदिर) एडिशनल एसपी राजेश आर्य सहित तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मंदिर में मुनि सुव्रतनाथ की प्रतिमा है।
शुक्रवार सुबह कई श्रावक और श्राविका मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। यहां प्रतिमा पर लगे आभा मंडल (पीछे वाले हिस्से) से सोने के जेवरात गायब थे। इसके बाद सीसीटीवी चैक किए तो पता चला कि चोर आभा मंडल पर लगे करीब 1 किलो 300 ग्राम सोना चोरी कर ले गए। इसकी कीमत 1 करोड़ 30 लाख रुपए आंकी गई है। 3 किलो चांदी के जेवरात भी चोर ले गए। इसकी कीमत करीब 3 लाख रुपए है। सीसीटीवी में एक चोर सफेद शर्ट और नीली पैंट में नजर आ रहा है। कुछ देर वह प्रतिमा के आसपास टहलता है, फिर सारे सोने-चांदी के आभूषण ले लेता है। इसके बाद खिड़की से चुन्नी का फंदा लगाकर नीचे उतर जाता है।