जालंधरः शहर के रामामंडी इलाके में बाबा बुड्ढा साहिब गुरुद्वारा साहिब के पास स्थित मार्केट में 3 दुकानों के शटर तोड़ चोर द्वारा नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। चोरी की घटना दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। दुकान मालिकों को चोरी का पता सुबह दुकानों पर लौटने के दौरान चला। पीड़ितों ने थाना रामामंडी की चौकी दकोहा पुलिस को मामले की सूचना दे दी है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी देते दकोहा के रहने वाले गौरव शर्मा ने बताया कि वह बाबा बुड्ढा साहिब गुरुद्वारा के पास मार्केट में पिछले 4 सालों से मोबाइल कैंपस नाम से दुकान चला रहा है। वह रोजाना की तरह शनिवार रात दुकान को बंद करके चला गया था और रविवार सुबह उसे पड़ोसी दुकानदारों ने कॉल कर सूचना दी कि उसकी दुकान का शटर टूटा हुआ है, जिसके बाद में मौके पर पहुंचा तो देखा कि दुकान के गल्ले से चोर 55 हजार की नकदी लेकर फरार हो चुका था, जिसके बाद उसने दुकान के अंदर बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो एक चोर वारदात को अंजाम देकर भागता हुआ नजर आया।
उन्हें कुछ समय के बाद पता चला कि चोर उनकी दुकान के साथ-साथ मार्केट में ओर दो दुकानों को निशाना बनाकर भागे हैं, जिसकी शिकायत उनकी ओर से थाना रामामंडी की उपचौकी दकोहा पुलिस को दी और सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। वहीं दुकानदारों ने पुलिस को गश्त बढ़ाने और चोरों को पकड़ने की मांग की है।