भोपाल: मध्य पूर्व में चल रहे तनाव के कारण एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत बढ़ गई। ऐसे में अब चोरों की नजर घरों में रखे गैस सिलेंडर पर पड़ गई है। ईरान इजरायल और यूएस में युद्ध के चलते देश में एलपीजी की शॉर्टेज के बीच यहां कोहेफिजा थाना क्षेत्र के ओम नगर में पूर्व जिला न्यायाधीश विमल कुमार जैन के घर से 4 गैस सिलेंडर चोरी हो गए। यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक घटना 14 मार्च की रात करीब 12:30 बजे की है।
बताया जा रहा है कि बाइक सवार तीन बदमाश देर रात घर के नीचे स्थित पार्किंग में पहुंचे। वहां रखे चार खाली घरेलू गैस सिलेंडरों को उन्होंने बड़ी ही आसानी से उठाया और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में साफ तौर पर दिखाई दे रही है, जिसमें तीनों आरोपी बाइक पर आते और सिलेंडर ले जाते नजर आ रहे हैं। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो उन्होंने देखा कि पार्किंग में रखे सिलेंडर गायब हैं। इसके बाद घर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया, जिसमें चोरी की पूरी घटना सामने आई। इसके बाद पूर्व न्यायाधीश के बेटे और पेशे से वकील रॉबिन जैन ने तुरंत कोहेफिजा थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
थाना प्रभारी केजी शुक्ला ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने संदिग्धों के स्केच तैयार कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। खासतौर पर एक पूर्व न्यायाधीश के घर को निशाना बनाए जाने से लोगों में चिंता और बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
