मुरैनाः गुंडा तत्व अपने अवैध कार्यों को अंजाम देने के लिए रोज नए-नए तरीके अपनाते रहते हैं। ताजा मामले में अवैध शराब बेचने वाले तस्करों ने अवैध शराब बेचने के लिए कोल्ड ड्रिंक का सहारा लिया जिनको सिविल लाइन पुलिस ने पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक मैक्स वाहन से 40 पेटी अवैध शराब भी बरामद की, जिसे माजा कोल्ड ड्रिंक की बोतलों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे क्रमांक 44 पर सैयद नहर के पास रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक मैक्स वाहन (MP07 ZX 9098) को रोका। प्रथम दृष्टया वाहन में कोल्ड ड्रिंक की बोतलें दिखाई दीं, लेकिन संदेह होने पर जब पुलिस ने गहराई से तलाशी ली, तो 20 पेटी कोल्ड ड्रिंक के नीचे 35 पेटी सफेद देसी शराब और 5 पेटी लाल देसी शराब छिपी मिली।
सिविल लाइन थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला ने बताया कि वाहन चालक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जब्त की गई शराब और वाहन की कीमत लगभग 7.27 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, गर्मी के मौसम में कोल्ड ड्रिंक की बढ़ी मांग का फायदा उठाते हुए शराब माफिया ने यह नया तरीका अपनाया है। पुलिस ने इस मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
