नई दिल्लीः लोकसभा चुनाव 2024 की मतगणना में 2 उम्मीदवारों के बीच चुनावी मुकाबला इतना दिलचस्प रहा कि जो पहले जीता, वह हार गया और जो हारा, वह जीत गया। री-काउंटिंग ने ऐसा गेम पलटा कि जीतने वाले कैंडिडेट पूरे देश में सबसे कम वोटों से जीतने वाले उम्मीदवार बन गए। जी हां, मुंबई की उत्तर पश्चिम सीट से शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के नेता रवींद्र दत्ताराम वायकर जीत गए। उन्होंने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के उम्मीदवार अमोल गजानन कीर्तिकर को हराया है और इस हार जीत का अंतर सिर्फ 48 वोटों का रहा।

अमोल कीर्तिकर को 452596 वोट और रवींद्र वायकर 452644 वोट मिले। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई की 6 लोकसभा सीटों में से एक उत्तर-पश्चिम सीट पर शिवसेना के दोनों गुटों के उम्मीदवार आमने-सामने थे। मतगणना के दौरान अमोल कीर्तिकर (शिवसेना उद्धव) और रविंद्र वायकर (शिवसेना शिंदे) के बीच हार जीत का मार्जिन सिर्फ एक वोट का रह गया था। 26 राउंड की काउंटिंग हो चुकी थी। विवाद होने पर री-काउंटिंग की गई।
इनवैलिड पोस्टल बैलेट की वेरिफिकेशन की गई, जिसमें फैसला रविंद्र वायकर के पक्ष में आया। उन्होंने अमोल कीर्तिकर को 48 वोट से हरा दिया। पहले अमोल 681 वोटों से जीत गए थे, लेकिन रविंद्र ने अमोल की जीत का विरोध किया और री-काउंटिंग की मांग की, जिसमें रविंद्र 75 वोटों की बढ़त बना गए। इस बपर अमोल ने आपत्ति जताई तो पोस्टल बैलेट काउंट किए गए। दिलचस्प री-काउंटिंग के बाद रविंद्र को विजेता घोषित कर दिया गया। बता दें कि अकेले मुंबई में 6 लोकसभा सीटें मुंबई दक्षिण, मुंबई दक्षिण-मध्य, मुंबई उत्तर, मुंबई उत्तर-मध्य, मुंबई उत्तर-पूर्व और मुंबई उत्तर-पश्चिम हैं। महाराष्ट्र में कांग्रेस ने 13, भाजपा ने 9, NCP ने एक, INDIA अलायंस गुट के उम्मीदवार ने एक, NCP (शरद पवार) ने 8, शिवसेना (UBT) ने 9 और शिवसेना (शिंदे) ने 7 सीटें जीती।
