जालंधर (Ens): महानगर में गाय चोरी होने को लेकर काफी हंगामा हुआ है। जब लोगों ने पीछा किया तो चोर गाड़ी छोड़कर भाग गए। यह घटना देर रात करीबन 1 बजे की है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कुछ लोग तीन गाय चुराकर भाग रहे थे।
जब इन लोगों का पीछा किया तो वो भाग गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एएसआई कुलविंदर सिंह ने बताया कि उनको मैसेज मिला था कि कुछ लोग गाड़ी में गाय लोड करके ले जा रहे थे। जब हम मौके पर पहुंचे तो गाड़ी खाली मिली।
गाड़ी जब्त कर ली गई है। गाड़ी के नंबर के आधार पर मालिक का पता लगाया जाएगा। जो लोग गाड़ी छोड़कर भाग गए थे उनका भी पता लगाया जाएगा परंतु किसी ने भी किसी को भागते हुए नहीं देखा। गाड़ी का मालिक कौन है और ये यहां पर कैसे आई इस बारे में अभी जांच की जा रही है।
मकसूदां मंडी के बाहर पहुंचे याकूब अली नाम के व्यक्ति ने बताया कि उसका दोस्त मंडी में काम करता है। उसने तीन गाय रखी थी। कुछ लोगों ने उसकी गाय खोल ली और गाड़ी में लादकर भाग गए। गायों को तीन लोगों ने चुराया था। जैसे ही उनको पता चला तो उन्होंने गाड़ी का पीछा भी किया।
आगे जाकर उनको गाड़ी रोड़ पर खड़ी हुई मिली। उन्होंने गायों को छोड़ दिया है परंतु वह गाड़ी में नहीं मिली। उनके अनुसार गाय कहीं भाग गई है। उनको सुबह ढूंढ लिया जाएगा। हमने लोगों को देखा है परंतु उनको पहचान नहीं पाए। तीन लोग थे और देखते ही देखते फरार हो गए।
गाय चोरी होने की सूचना मिलने के बाद मकसूदा मंडी के बाहर भारी संख्या में लोग पहुंच गए। उन्होंने सवाल उठाए हैं कि मंडी के अंदर से कैसे कोई गाय खोलकर ले जाता है। सिक्योरिटी गार्ड को इस बारे में पता कैसे नहीं लगा। मंडी का गेट रात में बंद क्यों नहीं किया गया था।
लोगों का कहना है कि व्यापारियों का सामान यहां पर 24 घंटे पड़ा रहता है यदि कल को कोई उसे चोरी करके ले गया तो क्या होगा।