किशनगंज : कटिहार रेल डिवीजन के गैशाल रेलवे स्टेशन पर बर्निंग ट्रेन की बड़ी घटना होने से बच गई। दरअसल, सिलीगुड़ी से मालदा टाउन जा रही डेमू पैसेंजर ट्रेन के इंजन में अचानक आग लग गई, जिससे स्टेशन पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पश्चिम बंगाल की दमकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आनन-फानन में रेल प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन की शुरुआत की गई और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
पैसेंजर ट्रेन के इंजन में आग लगने के कारणों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। रेलवे की ओर से आग लगने के कारणों के बारे में पता लगाने के लिए उच्चस्तरीय जांच का आदेश दे दिया गया है। आगजनी की सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में पश्चिम बंगाल से दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। बताया गया है कि इंजन में खराबी होने के कारण आग लगने की घटना हुई, वहीं सभी यात्री सुरक्षित हैं।