पिपरियाः पुरानी बस्ती में बुधवार रात 11:30 बजे छोटे भाई ने बड़े भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 40 वर्षीय देवकीनंदन केवट के रूप में हुई है। सिटी थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि महेश केवट मां को गालियां दे रहा था। बड़े भाई देवकीनंदन ने उसे ऐसा करने से मना किया। इस बात पर दोनों भाइयों में झगड़ा शुरू हो गया। देखते ही देखते झगड़ा खूनी झड़प में बदल गया और महेश ने देवकीनंदन की छाती में चाकू मार दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी देते हुए मृतक के भतीजे विजय केवट ने बताया कि आरोपी महेश चाचा नशे का आदी है। वह अक्सर परिवार में झगड़ा करता रहता है। बुधवार को चाचा दादी को गाली दे रहा था। बड़े चाचा ने मना किया तो झगड़ा हुआ और महेश ने बड़े चाचा को चाकू मार दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। महेश बेरोजगार है और अविवाहित है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है।
जांच अधिकारी राजेंद्र कुशवाहा ने बताया आरोपी महेश केवट के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गुरुवार सुबह मृतक देवकीनंदन का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।