अमेठीः जिले के खौपुर बुजुर्ग गांव में बड़े भाई ने छोटे भाई की लोहे की पाइप से पिटाई कर दी जिसके बाद घर वालों ने किसी तरह उसे छुड़वाकर अस्पताल लेजाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी मुताबिक, टॉर्च चार्जिंग को लेकर भाभी से मृतक शनिराम का विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने छोटे भाई को लोहे की पाइप से जमकर पीटा। गंभीर रूप से घायल शनि तीन घंटे तक जमीन पर पड़ा रहा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे संग्रामपुर सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
शुक्रवार की रात करीब 2 बजे आरोपी मनीराम निजी एम्बुलेंस से शव को घर लाया। शव को घर पर छोड़कर वह अपनी पत्नी के साथ फरार हो गया। मृतक के चार बच्चे हैं। दोनों भाई अलग-अलग रहते थे। शनिराम ईंट भट्ठे पर मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता था। पत्नी अभी गर्भवती भी है। ग्रामीणों ने बताया कि उसकी आए दिन बड़े भाई के परिवार से विवाद होता रहता था। थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।