बिलासपुरः शहर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां, एक तांत्रिक को लोगों को झांसे में लेना उस वक्त महंगा पड़ गया जब किसी को ठगी का शिकार बनाने के बाद तांत्रिक खुद ही जाल में फंस गया और उसके साथ लोगों द्वारा मारपीट की गई और उससे नकदी और फोन छीन लिया। दरअसल कथित तांत्रिक विजय कुमार राज (48 साल) ने बिल्हा के सबंलपुरी में कांग्रेस समर्थित सरपंच पति के घर अनुष्ठान का वीडियो बनाया और झांसा दिया कि वह 2.50 लाख को 2.50 करोड़ बना देगा। पैसों की गड्डी के सामने नारियल, अगरबत्ती रख पूजा की और बाद में अचानक ऊपर से पैसों की बारिश होने लगी।
वीडियो देख झांसे में आकर कोरिया के 4 लोगों ने पैसा दे दिया, लेकिन जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ, तो वे अपना पैसा वापस मांगने गए। तब तक तांत्रिक और उसके 4 साथी भाग गए। पीड़ितों ने उन्हें हाईवे पर पकड़ लिया और बीच सड़क रोककर पिटाई कर दी। पुलिस ने दोनों पक्ष के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ठगी में कथित तांत्रिक संग 3 महिलाएं और 1 सरपंच पति भी शामिल हैं। आरोपी रिखीराम नवरंग बिल्हा के गांव संबलपुर से सरपंच पति है।
जानकारी मुताबिक, तांत्रिक विजय कुमार राज (48) कोरबा जिले के दीपका का रहने वाला है। वह 31 जनवरी को ठगी के पैसों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान रात करीब साढ़े 3 बजे रतनपुर में एक ढाबे के पास टॉयलेट के लिए उसने अपनी कार रोकी। तभी 2 कार वहां आकर रुकी, जिसमें से ठगी के शिकार हुए 4 पीड़ित युवक उतरे और फिल्मी स्टाइल में विजय के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसके बाद हमलावर उसकी कार, 3 मोबाइल और करीब 8 हजार रुपए कैश लूटकर भाग गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की। टेक्निकल साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में अंबिकापुर और कोरिया पहुंची। जहां टीम ने 2 फरवरी को लूट मारपीट के चारों आरोपियों सरगुजा और कोरिया से गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई कार, मोबाइल, कैश और वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा-अर्टिगा कार को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, उन्होंने बदले की भावना से वारदात को अंजाम दिया है। विजय कुमार राज ने तंत्र विद्या और पूजा-पाठ से पैसे बढ़ाने का झांसा दिया था, जिसके बाद उनसे पैसे वसूलकर घूमाने लगा। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो विजय ने देने से इनकार कर दिया। इसी के बाद आरोपियों ने पीछा कर रतनपुर क्षेत्र के मदनपुर के पास मारपीट कर उससे स्विफ्ट डिजायर कार, मोबाइल और कैश लूट लिए। एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि, जांच में यह भी सामने आया है कि कथित तांत्रिक विजय ने तंत्र-मंत्र के जरिए ठगी की बात पुलिस से छिपाई थी। जबकि, वह खुद भी ठगी का आरोपी निकला। पुलिस दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।