मुख्यमंत्री द्वारा हर वर्ग को ध्यान में रखकर और हर वर्ग को लाभ पहुंचाने पर बनाया है बजट
ऊना/सुशील पंडित : राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत तीसरा बजट व्यापक दृष्टिकोण और दूरदर्शिता का परिचायक है, जो समाज के हर वर्ग को समृद्धि और आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करने का मार्ग प्रशस्त करता है। इस बजट में किसान, बागवान, छोटे व्यापारी, ग्रामीण महिलाएं और युवा सभी को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने इस बजट को एक संतुलित और समावेशी दस्तावेज बताया है, जो प्रदेश की आर्थिक रीढ़ को मजबूत करेगा। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने जारी बयान में कहा कि राज्य सरकार ने किसानों और बागवानों की समस्याओं को समझते हुए उनके कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं पेश की हैं। जलवायु परिवर्तन और बाजार की अनिश्चितताओं से जूझ रहे किसानों को नई तकनीकों, सिंचाई सुविधाओं और अनुदानों के माध्यम से सहायता प्रदान की जाएगी। प्राकृतिक आपदाओं से फसल को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए बीमा योजनाओं को और प्रभावी बनाया जाएगा। इसके अलावा, बागवानों के लिए नई सब्सिडी योजनाएं शुरू की जाएंगी ताकि वे आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर अपनी पैदावार बढ़ा सकें।

विवेक शर्मा ने कहा कि राज्य के छोटे व्यापारियों के लिए इस बजट में कई अहम घोषणाएं की गई हैं। उन्हें सस्ता ऋण उपलब्ध कराने, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने और स्टार्टअप्स को सहयोग देने की दिशा में सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं। व्यापारियों को जीएसटी छूट और नई सब्सिडी देने का भी प्रावधान किया गया है, जिससे उनका कारोबार सुचारू रूप से चल सके। विवेक शर्मा ने कहा कि राज्य में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बजट में कई महत्वपूर्ण योजनाओं का ऐलान किया गया है। स्वयं सहायता समूहों को अधिक वित्तीय सहायता दी जाएगी, जिससे वे छोटे उद्योगों में अपनी भागीदारी बढ़ा सकें। इसके अलावा, महिलाओं को कृषि, डेयरी, हस्तशिल्प और अन्य छोटे उद्योगों में रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए विशेष कार्यक्रम लागू किए जाएंगे। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
विधायक ने इस बजट को युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए नए स्टार्टअप फंड, कौशल विकास कार्यक्रम और स्वरोजगार योजनाओं की शुरुआत की है। राज्य में नए उद्योगों की स्थापना और निवेश को बढ़ावा देने के लिए विशेष आर्थिक क्षेत्रों का विकास किया जाएगा, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। विवेक शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का यह बजट न केवल आर्थिक विकास को गति देगा, बल्कि समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा में लाने का कार्य करेगा। किसानों और बागवानों को राहत, छोटे व्यापारियों को सहारा, महिलाओं को सशक्तिकरण और युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में यह बजट एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। शर्मा ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास की ओर बढ़ता हुआ एक ठोस प्रयास है, जिससे राज्य की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को नई मजबूती मिलेगी।
