सीतापुरः भेड़ियों की दहशत लगातार जारी है। लोगों में सहम का माहौल बना हुआ है। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में अभी भी दो आदमखोर भेड़ियों की तलाश में वन विभाग की 12 टीमें लगी हुई हैं। लेकिन इसके बावजूद सीतापुर में भेड़ियों ने दस्तक दे दी। एक ही रात में कई लोगों पर भेड़ियों ने हमला किया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और चार बच्चों सहित पांच लोग घायल हैं। हालांकि वन विभाग भेड़ियों के हमले की बात से इनकार कर रहा हैं।
मामला सदरपुर थाना इलाके का है, जहां तीन दिनों से भेड़ियों का आतंक देखने को मिल रहा है। दहशत में लोग झुंड बनाकर लाठी-डंडों से लैस होकर बाहर निकल रहे हैं। बच्चों और मवेशियों को भी घरों में कैद कर दिया गया है। जानकारी अनुसार भेड़िए ने सोमवार की रात एक 80 वर्षीया महिला को अपना शिकार बनाया। भेड़ियों ने महिला पर उस वक्त हमला किया जब वह शौच के लिए गई थी। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार को गांव के ही वसीम का लड़का बकरी चराने गया था, तभी भेड़िए ने हमला कर दिया। हमले में एक बकरी की मौत हो गई। इसके बाद भेड़िए ने एक के बाद एक कैसरजहां, मोहममद शफी, सरफराज (6), नाहिद (3), मंजीत (10) और कन्हैया (8) पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
