नई दिल्लीः भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार, 7 अप्रैल को लाल निशान में कामकाज की शुरुआत हुई है। इससे पहले, सोमवार को जोरदार तेजी के साथ कारोबार की समाप्ति हुई थी। आज बाजार खुलने के पांच मिनट के अंदर बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 824.44 अंकों या लगभग 1% की गिरावट के साथ 73,282.41 के निचले स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 248.95 अंक या करीब 1% टूटकर 22,719.30 के निचले स्तर पर आ गया। व्यापाक बाजार में बिकवाली हावी है। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1% से ज्यादा लुढ़क गया, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में भी 0.5% से ज्यादा की गिरावट देखी गई।
सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें, तो निफ्टी मेटल्स को छोड़कर सभी सेक्टोरल इंडेक्स में गिरावट देखी गई, जिनमें निफ्टी ऑटो, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी फार्मा, निफ्टी एफएमसीजी और निफ्टी रियल्टी में सबसे ज्यादा गिरावट आई है। तेल की कीमतें अभी भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं और $110 के ऊपर हैं। वहीं, पिछले दो दिनों के रुझान से यह भी साफ हुआ है कि मार्केट बुल्स अभी 22,000 के स्तर को छोड़ने के मूड में नहीं हैं। आज निफ्टी की वीकली एक्सपायरी भी है। साथ ही आरबीआई एमपीसी मीटिंग का दूसरा दिन भी है।
सुबह 9:35 बजे सेंसेक्स पैक से टेक महिंद्रा में लगभग 1% की बढ़ोतरी देखी जा रही है, जबकि बजाज फाइनेंस के शेयर 0.70 % उछाल के साथ कामकाज कर रहे हैं। इसके बाद HCL Tech में भी 0.70% की मजबूती आई है, जबकि सनफार्मा में 0.60% से ज्यादा का उछाल रहा। वहीं, टीसीएस के शेयर 0.5% से ज्यादा चढ़कर कामकाज कर रहे हैं। दूसरी तरफ, सबसे अधिक इंडिगो के शेयरों में 1.8% से ज्यादा की गिरावट आई, जबकि महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी 1.7% से ज्यादा लुढ़क गए। इसके बाद इटर्नल के शेयर 1.6% कमजोर होकर कामकाज कर रहे हैं, जबकि एक्सिस बैंक में 1.4% की गिरावट आई है।
वहीं, अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी 1 प्रतिशत ज्यादा कमजोर होकर ट्रेड कर रहे हैं। ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि होरमुज जलडमरूमध्य खोलो, वरना नर्क देखोगे। राष्ट्रपति की धमकियों में अक्सर असंगति देखी जाती है, फिर भी बाजार के लोग इस पर नजर रखे हुए हैं। इस गिरावट में डिजिटल प्लेटफॉर्म वाले ग्रोथ शेयर सुधर चुके हैं, इनकी वैल्यूएशन अब किफायती हो गई है और इनमें खरीदारी शुरू हो गई है।”