गिरिडीहः जिले के खुखरा थाना क्षेत्र के हरकटवा नदी के समीप भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत और 3 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है।
झारखंड के गिरिडीह के पुलिस लाइन बरवाडीह स्थित जय माता दी टाइल्स दुकान के मालिक प्रेम साव किसी काम से खुखरा जा रहे थे। उनके साथ कार में तीन अन्य लोग भी सवार थे। जब वह हरकटवा नदी के समीप पहुंचे तो वाहन चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया जिसके बाद गाड़ी असंतुलित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी।
हादसे में वाहन चला रहे प्रेम साव समेत अन्य तीन लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद खुखरा थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे। आनन-फानन में दोनों घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया जहां चिकित्सकों ने प्रेम साव को मृत घोषित कर दिया।
वहीं तीन अन्य व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार देने के बाद गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों की हालत गंभीर होती देख उन्हें बाद में धनबाद रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।