मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे उत्सव का शुभारंभ
ऊना/सुशील पंडित: राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026 इस वर्ष प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण सोमभद्रा नदी तट पर हरोली-रामपुर पुल के समीप रोड़ा मैदान में 11 से 14 अप्रैल तक भव्य स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। इस राज्य स्तरीय उत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे। वे 11 अप्रैल को जलशक्ति विभाग के विश्राम गृह हरोली से आयोजन स्थल तक निकलने वाली शोभायात्रा में सम्मिलित होकर उत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे।
एसडीएम हरोली एवं उत्सव संयोजक विशाला शर्मा ने बताया कि इस वर्ष उत्सव को प्रकृति और संस्कृति के संगम के रूप में प्रस्तुत करने के उद्देश्य से पहली बार नदी तट पर इसका आयोजन किया जा रहा है, जिससे यह वैसाखी पर्व के पारंपरिक महत्व के और अधिक निकट होगा।
उत्सव के दौरान 4 दिन आयोजित होने वाली स्टार नाइट्स विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसमें हिमाचल के साथ-साथ पंजाब के प्रसिद्ध कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। वैसाखी पर्व से जुड़े इस आयोजन में प्रसिद्ध पंजाबी गायक गिप्पी ग्रेवाल और एमी विर्क समेत अनेक प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे और सोमभद्रा तट को वैसाखी के रंगों से सराबोर करेंगे। विशाल शर्मा ने बताया कि उत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम आयोजित होने वाली स्टार नाइट्स में लोकप्रिय कलाकार मंच को अपनी ऊर्जावान प्रस्तुतियों से सजायेंगे।
11 अप्रैल की संध्या में पंजाब के प्रसिद्ध कलाकार गिप्पी ग्रेवाल, 12 अप्रैल को जी. खान और प्रभ गिल, 13 अप्रैल को हिमाचल के सुप्रसिद्ध कलाकार कुलदीप कुमार एवं अनुज शर्मा और 14 अप्रैल को गुलरेज़ अख़्तर एवं एमी विर्क राज्य स्तरीय हरोली उत्सव में अपने सुरों का जादू बिखेर कर लोगों का मनोरंजन करेंगे। वहीं, विशाल शर्मा ने बताया कि सांस्कृतिक संध्याओं में प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले स्थानीय कलाकारों के ऑडिशन भी लिए गए हैं।
यादगार आयोजन के लिए प्रशासन की तैयारियाँ तेज
उपमुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने उत्सव को सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि यह उत्सव जनभागीदारी, सांस्कृतिक गौरव और क्षेत्रीय पहचान का प्रतीक बने। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि उत्सव को स्मरणीय और तैयारियों को मुकम्मल किया जा सके।
विभिन्न आयोजनों से सजेगा उत्सव
उत्सव में पशु मेला, डॉग शो और बेबी शो का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा 14 अप्रैल को रोजगार मेला भी आयोजित किया जाएगा जिनमें नामी कंपनियों भाग लेंगी।
हरोली उत्सव – परंपरा, प्रकृति और प्रगति का संगम
सोमभद्रा नदी तट पर आयोजित होने वाला यह उत्सव न केवल सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन करेगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और पारंपरिक महत्व को भी सुदृढ़ करेगा। प्रशासन और स्थानीय जनता की सहभागिता से यह उत्सव हरोली की पहचान को नई ऊँचाई देने वाला ऐतिहासिक आयोजन बनने जा रहा है।