शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने लोक भवन में हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (आईजीएमसी), शिमला के शिशु वार्ड के लिए 40 कंबल भेंट किए।
आईजीएमसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव तथा पीडियट्रिक सर्जरी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. कमल कांत शर्मा ने अस्पताल की ओर से कंबल प्राप्त किए। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि मानवता की सेवा और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहना रेडक्रॉस आंदोलन की मूल भावना है। चिकित्सा उपचार की आवश्यकता वाले बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ संवेदनशील, स्नेहपूर्ण और सहयोगी वातावरण की भी आवश्यकता होती है। उन्होंने अस्पतालों और समाज के संवेदनशील वर्गों तक मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए राज्य रेडक्रॉस सोसायटी के प्रयासों की सराहना की।
राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि इस प्रकार की पहल समाज में सामाजिक सेवा के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ-साथ करुणा, संवेदनशीलता और परस्पर सहयोग की भावना को भी मजबूत करेगी। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज भी उपस्थित थे।