बेटा-पोती को रस्सी से बांधकर दिया वारदात को अंजाम
मेरठः उतर प्रदेश के मेरठ में वीरवार सुबह बदमाशों ने घर में घुसकर पति-पत्नी को गोली मार दी। हमले में कारोबारी पति की मौत हो गई। जबकि पत्नी गंभीर है। उन्हें KMC अस्पताल में भर्ती कराया है। वारदात के वक्त कारोबारी का बेटा और उसकी पोती घर में थी। बदमाशों ने उनके हाथ रस्सी से बांधे और कमरे में बंद कर दिया। वहीं, दूसरा बेटा और उसकी पत्नी मॉर्निंग वॉक पर गईं थीं। वारदात सुबह 8 बजे देहली गेट इलाके की है। पुलिस ने बताया कि हमले में स्पोर्ट्स कारोबारी DK जैन उर्फ धनकुमार जैन (70) की मौत हुई है। जबकि उनकी पत्नी अंजू जैन (65) की हालत गंभीर बनी है। बदमाशों ने बेडरूम के अंदर ही दोनों को गोली मारी है। पुलिस को शंका है कि घर का मेन गेट खुला होने के कारण ही बदमाश अंदर आए और वारदात की।
वारदात के वक्त घर में बेटा अभिषेक और पोती आशी थी। अभिषेक नार्वे में जॉब करता है। वह कुछ दिन पहले ही मेरठ आया था। जबकि बड़ा बेटा नवीन जैन अपनी पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक पर गया था। पुलिस को यह भी आशंका है कि हमलावरों को कारोबारी ने पहचान लिया होगा। इसलिए हत्या कर दी। घर से कुछ सामान भी गायब है। कारोबारी के बेटे अभिषेक ने जैसा पुलिस को बताया…दो नकाबपोश बदमाश सुबह आठ बजे घर में दाखिल हुए। सबसे पहले मेरा कमरे में आए। हमारे हाथ रस्सी से बांध दिए और कमरे बाहर से लॉक कर दिया। फिर बदमाश अंदर गए। पिता के कमरे में लूटपाट करने लगे। पिता ने विरोध किया तो उन्हें गोली मार दी।
जब बदमाशों ने उनके पिता को गोली मारी तो मां चीखने लगी। इतने में बदमाशों ने मां को भी दो गोली मार दी। एक गोली कंधे और दूसरी कमर में लगी है। गोली मारने के बाद बदमाश मां के हाथ बांधे और बाथरूम में बंद कर दिया। दादी की आवाज सुनकर पोती आशी कमरे से दौड़ी। इतने में बदमाशों ने रस्सी से आशी का हाथ बांध दिया और एक कमरे में बंद कर दिया। अब बदमाशों को लगा कि घर में कोई नहीं है तो बदमाश घर का सामान समेटने लगे। तभी दूध वाला आया। उसने दरवाजे पर आवाज दी। घर से कोई नहीं निकला तो दूध वाला अंदर दाखिल हुआ। बदमाशों ने दूध वाले को भी किचन में बंद कर दिया। इतने में आशी ने किसी तरह अपना हाथ खोला और मॉर्निंग वॉक पर गई मां को फोन कर घटना की जानकारी दी।
मॉर्निंग वॉक पर गई कारोबारी की बहू और बेटे को जब घटना का पता चला तो उन्होंने पड़ोसी को फोन किया और घर जाने को कहा। पड़ोसी पहुंचे तो बदमाश लूटपाट कर जा चुके थे। कमरे से बेटे, पोती और दूधवाले को बाहर निकाला। देखा कमरे में कारोबारी डीके जैन का खून से लथपथ शव पड़ा है। बाथरूम में उनकी पत्नी अंजू घायल पड़ी थीं। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच-पड़ताल की। जिस तरह से वारदात को अंदाज दिया गया है। उससे पुलिस को शक है कि किसी परिचित या नजदीकी ने ही वारदात की है। घर वालों का कहना है कि कुछ साल पहले उन्होंने घर को रेनोवेशन कराया था। उस समय जो मजदूर आए थे, शक है कि उन्होंने ही वारदात को अंजाम दिया।
दिनदहाड़े शहर की पॉश इलाके में हुई वारदात की खबर मिलते ही एडीजी राजीव सभरवाल, IG नचिकेता झा, SSP रोहित सिंह सजवाण, SP सिटी पीयूष सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, आस-पास लगे हुए CCTV में दो हमलावर नजर आए हैं। हालांकि, पुलिस ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी। SSP रोहित सिंह सजवाण ने बताया, ”सुबह 8 बजे के करीब दो लोग घर आए और बुजुर्ग दंपती पर गोली मारकर लूटपाट की। पुलिस CCTV कैमरे खंगाल रही है। ये दो लोग कौन थे? पता कर रहे हैं। तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। शुरुआती जांच में लूटपाट का मामला लग रहा है। वारदात के वक्त घर में 4 लोग मौजूद थे। सामान कितना गया, यह अभी चेक कर रहे हैं।”
