नई दिल्ली: चीन और अमेरिका के रिश्ते अब सुधरते हुए दिख रहे हैं। चीन ने अमेरिकी सामानों पर लगा हुआ 24% टैरिफ हटा दिया है। चीन ने टैरिफ को एक साल तक स्थगित करने का फैसला लिया है। बीते दिनों साऊथ कोरिया में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बैठक हुई। इस बैठक के बाद जहां यूएस ने चीन टैरिफ में 10% की कटौती की थी। वहीं अब ड्रैगन ने भी बड़ा फैसला लेते हुए अमेरिका को राहत दे दी है।
दोनों देशों में खत्म हो सकती है ट्रेड वॉर
डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग की मुलाकात का बड़ा असर दिख रहा है। यूएस चीन ट्रेड वॉर भी लगभग खत्म हो गई है। चीन ने बुधवार यानी आज यह ऐलान करते हुए कहा है कि वह चीन में आने वाले सभी अमेरिकी वस्तुओं पर अपने 24% टैरिफ को एक साल के लिए टाल रहा है हालांकि 10% टैरिफ लगा ही रहेगा। चीन की ओर से लिया गया ये फैसला दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच व्यापार तनाव में कमी का भी संकेत माना जा रहा है।
कृषि उत्पादों से भी हटाया जाएगा टैरिफ
चीन के स्टेट काऊंसिल टैरिफ कमीशन ने एक बयान जारी किया है। इस बयान में उन्होंने सालभर के लिए जहां 24 फीसदी टैरिफ स्थगित करने का फैसला लिया है। वहीं इसको दूसरी ओर यह भी घोषणा कर दी है कि दुनिया का सबसे बड़ा कृषि आयातक चीन इस महीने 10 नवंबर से अमेरिकी कृषि उत्पादों पर लागू अपने 15% तक टैरिफ को हटा देगा।
कृषि उत्पादों पर लगे टैरिफ को पूरी तरह हटा देने के इस फैसले से अमेरिकी सोयाबीन, मक्का, गेहूं जैसे उत्पाद निर्यातकों को भी बड़ी राहत मिलेगी। खासतौर पर सोयाबीन किसानों के लिए जिनके लिए चीन ही हमेशा से एक बड़ा बाजार रहा है। दोनों देशों के बीच टैरिफ टैंशन के बीच लगे प्रतिबंधों के चलते उन्हें करीबन 12 अरब डॉलर का गंभीर नुकसान उठाना पड़ेगा और ये सोयाबीन ट्रंप के लिए सबसे बड़ी टेंशन बन चुका था।
दोनों देशों के रिश्ते की होगी नई शुरुआत
ट्रंप और जिनपिंग के बीच में पिछले हफ्ते आर्थिक और व्यापारिक समझौतों को लेकर बात हुई थी। दोनों राष्ट्रपतियों के बीच करीबन 2 घंटे की चर्चा के बाद अमेरिका ने चीन टैरिफ में 10% की कटौती का ऐलान भी किया था। इसके अलावा ट्रंप ने बताया था कि सोयाबीन से लेकर रेयर अर्थ मिनरल्स को लेकर भी चीन से बात बन चुकी है।