छत्तीसगढ़: होमवर्क न करने पर एक बच्चे को पेड़ से लटकाने का मामला सामने आया है। घटना सूरजपुर में एक प्राइवेट स्कूल की है। जहां केजी-टू का 5 साल का छात्र होमवर्क नहीं कर करके आया था। जिस पर टीचर ने छात्र को घंटों पेड़ से लटकाए रखा। जिसका वीडियो सामने आने के बाद परिवार सहित गांव में गुस्सा फूट आया और उन्होंने स्कूल के बाहर हंगामा कर दिया।
वहीं, स्कूल संचालक सुभाष शिवहरे ने इस घटना को मामूली बताया। उनका कहना है कि बच्चा पढ़ाई में कमजोर था और उसे डराने के लिए ऐसा किया गया था ताकि वह पढ़ाई पर ध्यान दे। विवाद बढ़ने पर शिक्षा विभाग भी हरकत में आ गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की। उन्होंने मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजने की बात कही है।
इधर, मामला तूल पकड़ने के बाद टीचर ने अपनी गलती मान ली है। इस दौरान टीचर रोते हुई दिखी। जिस समय बच्चे को पेड़ से लटकाया गया था, उसी दौरान किसी ग्रामीण ने घटना का वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा।
