गुरुग्राम: सेक्टर 37C में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक बिल्डर कॉन्ट्रैक्टर ने प्रवासी मजदूर को तालिबानी सजा दी। बिल्डिंग कॉन्ट्रेक्टर की दबंगई दिखाते हुए मजदूर को बिल्डिंग के बेसमेंट में ही पैरों में रस्सी बांधकर लोहे के पाइप पर उल्टा लटका दिया। उसके बाद व्यक्ति ने पीड़ित को डंडों से पीटा। इस दौरान मजदूर हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन उन्हें तरस नहीं आया, लेकिन उस पर अत्याचार जारी रहा। इस घटना का वीडियो अब सामने आया है। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
तालीबानी सजा! व्यक्ति को उल्टा लिटकाकर बेरहमी से पीटा, 4 गिरफ्तार pic.twitter.com/QEVc3nApDY
— Encounter India (@Encounter_India) July 29, 2025
इस वीडियो ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि 4 लोग मिलकर प्रवासी मजदूर की पिटाई कर रहे हैं। ये घटना एक सोसाइटी में हुई, जहां मजदूर को ना केवल पीटा गया, बल्कि उसे धमकियां भी दी गई। वीडियो सोसाइटी की बेसमेंट की पार्किंग की दिखाई दे रही है। जहां पीड़ित को उल्टा लटकाया हुआ है और डंडे से उसकी पिटाई की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने वीडियो सामने आने के बाद स्वत: संज्ञान लिया।
गुरुग्राम पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जो वीडियो में मजदूर के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। आरोपियों की पहचान 39 वर्षीय पुष्पेंद्र निवासी गांव ज्ञानपुरा थाना फुफ जिला भिंड मध्य-प्रदेश, वर्तमान छोटी चौपाल गांव बसई गुरुग्राम में किराए पर रहता है। 38 वर्षीय अजित सिंह निवासी गांव खरक कलां, जिला भिवानी, हरियाणा, वर्तमान सरस्वती प्राइवेट स्कूल गांव बसई में किराए पर रहता है। आरोपी 19 वर्षीय कृष्ण कुमार निवासी गांव खड़ोड़ा थाना बावल, जिला रेवाड़ी, वर्तमान आर्य समाज मंदिर गांव बसई में रहता है और आरोपी 39 वर्षीय अमित कुमार निवासी गांव खासा, जिला अमृतसर (पंजाब) है, जो वर्तमान में पेट्रोल पंप, बसई एन्क्लेव में रहता है।
पुलिस का कहना है कि अभी तक पीड़ित ने कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की है, लेकिन जांच तेजी से चल रही है। पीड़ित की तलाश भी जारी है। जानकारी के अनुसार, कॉन्ट्रैक्टर ने पीड़ित को धमकियां दीं और मामले को दबाने की कोशिश की। लेकिन वायरल वीडियो ने इस साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस मामले में किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं। यदि किसी के पास इस घटना से संबंधित कोई जानकारी है, तो वह मोबाइल नंबर 9999981836 पर संपर्क कर सकता है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी।
