विधायक विवेक शर्मा ने लिया आशीर्वाद
ऊना/सुशील पंडित: डेरा बाबा रूद्रानंद धाम (गांव नारी) में आध्यात्मिक गरिमा और श्रद्धा के वातावरण में स्वामी हेमानंद जी महाराज के गद्दीनशीन होने का भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने भी अपने परिवार सहित उपस्थित होकर महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस समारोह में हजारों श्रद्धालु, संत-महात्मा, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा दूर-दराज से आए शिष्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पूरे धाम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक अनुष्ठानों के बीच स्वामी हेमानंद जी महाराज विधिवत रूप से गद्दी पर विराजमान हुए। जैसे ही वे श्री गद्दी पर आसीन हुए, श्रद्धालुओं ने जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। क्षेत्र की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना भी की गई ।
एक वर्ष पूर्व ब्रह्मलीन हुए परम पूज्य श्री श्री 1008 स्वामी श्री सुग्रीवानंद जी महाराज की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर यह गद्दीनशीन समारोह आयोजित किया गया है। स्वामी हेमानंद जी महाराज ने अपने श्री सद्गुरु जी महाराज के प्रति अटूट श्रद्धा और संकल्प का परिचय देते हुए पूरे एक वर्ष तक श्री सतगुरु जी महाराज जी की श्री गद्दी पर न बैठने का व्रत निभाया। यह उनकी गुरु भक्ति आध्यात्मिक अनुशासन का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने श्री सदगुरु जी महाराज जी की प्रथम पुण्यतिथि पर गद्दी पर विराजमान होकर हजारों श्रद्धालुओं और शिष्यों को जो आशीर्वाद प्रदान किया है, उससे समूचा क्षेत्र धन्य हो गया है। इस समारोह के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, हवन और सत्संग का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने महाराज जी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया।
दूर-दूर से आए भक्तों ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह दिन इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि श्री डेरा बाबा रूद्रानंद धाम गांव नारी जो मेरे विधान सभा क्षेत्र कुटलैहड़ का एक हिस्सा है। यह न केवल एक बड़ा आस्था का केंद्र है, बल्कि यह सामाजिक समरसता और सेवा भाव का भी प्रमुख स्थान है। यहां से समय-समय पर समाजहित में अनेक धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियां संचालित की जाती रही हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि स्वामी जी महाराज के नेतृत्व में श्री डेरा बाबा रूद्रानंद धाम नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और मानव सेवा के कार्यों को और अधिक विस्तार मिलेगा। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से क्षेत्र की खुशहाली, शांति और समृद्धि की कामना की। भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत यह आयोजन आध्यात्मिक एकता और गुरु-शिष्य परंपरा का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया। इस मौके पर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।