नई दिल्ली। एनसीपी विधायक दल की नेता और दिवंगत नेता अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है। यह शपथ ग्रहण समारोह लोक भवन में आयोजित किया गया, जहां राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ समारोह में कई बड़े नेता रहे मौजूद
इस खास मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और कई वरिष्ठ राजनीतिक नेता मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भावुक होकर “अजित दादा अमर रहें” के नारे लगाए।
दिवंगत पति अजित पवार को दी श्रद्धांजलि
उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले सुनेत्रा पवार ने अपने दिवंगत पति और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने सरकारी आवास देवगिरी बंगले में यह श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान माहौल भावुक रहा।
राजनीति में कम दिखती थीं सुनेत्रा पवार
2024 के लोकसभा चुनावों तक सुनेत्रा पवार राजनीति में ज्यादा सक्रिय नजर नहीं आती थीं और उन्होंने हमेशा लो प्रोफाइल बनाए रखी। हालांकि, 2024 के चुनावों में उन्होंने अपने पति की पार्टी की ओर से बारामती लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा। बारामती सीट पर सुनेत्रा पवार का मुकाबला अपनी ही ननद और एनसीपी (SP) की सांसद सुप्रिया सुले से हुआ। यह मुकाबला काफी चर्चित रहा, लेकिन इस प्रतिष्ठा की लड़ाई में सुनेत्रा पवार को हार का सामना करना पड़ा।
बाद में राज्यसभा के लिए चुनी गईं
लोकसभा चुनाव हारने के बाद सुनेत्रा पवार को राज्यसभा सांसद के रूप में चुना गया। इसके बाद उन्हें एनसीपी विधायक दल का नेता बनाया गया और अब वे महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री बनी हैं।
सोशल वर्क और कोऑपरेटिव सेक्टर से जुड़ा रहा है बैकग्राउंड
सुनेत्रा पवार, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री पद्मसिंह बाजीराव पाटिल की बेटी हैं। उनका जुड़ाव लंबे समय से समाज सेवा (social work) और कोऑपरेटिव सेक्टर से रहा है। यह वही क्षेत्र है, जहां पवार परिवार का प्रभाव और पकड़ मानी जाती है।
