ऊना/सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय, बंगाणा में आज “कॉफी विद प्रिंसिपल” कार्यक्रम उत्साह और प्रेरणा से भरपूर वातावरण में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम महाविद्यालय प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों में नेतृत्व, संवाद और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आरंभ की गई एक सराहनीय पहल है। कार्यक्रम में एनएसएस, एनसीसी, रोवर-रेंजर, कल्चर और रेड रिबन क्लब के वे विद्यार्थी शामिल हुए जिन्होंने अनुशासन, सक्रियता और उत्कृष्टता का परिचय दिया। सत्र की शुरुआत चयनित छात्रों द्वारा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश ठाकुर के प्रति आभार प्रकट करने से हुई।
इस अवसर पर डॉ. ठाकुर ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि कॉफी विद प्रिंसिपल केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि यह एक जीवंत मंच है जहाँ विद्यार्थी और प्रशासन एक-दूसरे के विचारों को साझा कर कॉलेज के विकास की दिशा तय करते हैं। उन्होंने बताया कि यह आयोजन प्रत्येक माह की पहली तिथि को किया जाता है, जिसमें पिछले माह अकादमिक या सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आमंत्रित किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और महाविद्यालय के शैक्षणिक व सांस्कृतिक वातावरण को और बेहतर बनाने के लिए रचनात्मक सुझाव प्रस्तुत किए।
डॉ. ठाकुर ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि एक कप कॉफी के साथ साझा किए गए विचार विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की दिशा तय करने में मील का पत्थर साबित हो सकते हैं। इस अवसर पर प्रो. अनिल शर्मा, प्रो. किरण कुमारी, प्रो. सिकंदर नेगी, प्रो. निकिता गुप्ता, प्रो. कमलेश सहित अन्य संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे। “कॉफी विद प्रिंसिपल” जैसी पहल न केवल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करती है, बल्कि शिक्षकों और छात्रों के बीच संवाद की दूरी को कम कर महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण को और अधिक समृद्ध बनाती है।